________________
लम्बी उम्र का राज़
प्रसिद्द चीनी दार्शनिक कन्फ़्युशियस से मिलने एक सज्जन आए। दोनों के बीच बहुत सारी बातों पर चर्चा हुई। कन्फ़्यु शियस ने उस व्यक्ति के बहुत सारे प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
उन सज्जन ने कन्फ़्यूशियस से पूछा - "लंबे जीवन का रहस्य क्या है?"
कन्फ़्यूशियस यह सुनकर मुस्कुराये। उन्होंने उस व्यक्ति को पास बुलाकर पूछा - "मेरे मुंह में देखकर बताएं कि जीभ है या नहीं।"
उस व्यक्ति ने मुंह के भीतर देखकर कहा - "जीभ तो है।"
कन्फ़्यूशियस ने फ़िर कहा - "अच्छा, अब देखिये कि दांत हैं या नहीं।"
उन सज्जन ने फ़िर से मुंह में झाँककर देखा और कहा - "दांत तो एक भी नहीं हैं।"
कन्फ्यूशियस ने पूछा - "अजीब बात है। जीभ तो दांतों से पहले आई थी। उसे तो पहले जाना चाहिए था। लेकिन दांत पहले क्यों चले गए?"
वह सज्जन जब इसका कोई जवाब नहीं दे सके तो कन्फ़्यूशियस ने कहा - "इसका कारण यह है कि जीभ लचीली होती है लेकिन दांत कठोर होते हैं। जिसमें लचीलापन होता है वह लंबे समय तक जीता है।"
173