________________
साहित्य सत्कार
पुस्तक समीक्षा
इन्दौर ग्रन्थावली (भाग- १) संपादक- डॉ. अनुपम जैन, एवं ब्र. अनिल जैन शास्त्री, प्रकाशक- कुन्दकुन्द ज्ञानपीठ ५८४, महात्मा गांधी मार्ग, इन्दौर, पृ. ३९२, प्रकाशन वर्ष २०१२ई., मूल्य ३००रुपये।। इस ग्रन्थ में विद्वान् सम्पादकों ने कुन्दकुन्द ज्ञानपीठ के पुस्तकालय में उपलब्ध अप्रकाशित पाण्डुलिपियों का विवरण दिया है। राष्ट्रीय पाण्डुलिपि मिशन नई दिल्ली द्वारा प्रदत्त आर्थिक सहयोग से इसका प्रकाशन किया गया है। इसमें प्रथमत: ७३१ पाण्डुलिपियों का भौतिक विवरण दिया गया है तत्पश्चात् इसके प्रथम परिशिष्ट में जिन ७३१ पाण्डुलिपियों का भौतिक विवरण प्रारम्भ में दिया गया है उनको ही उसी क्रम से पाण्डुलिपि की प्रथम पंक्ति, अन्तिम पंक्ति, पुष्पिका, विषय एवं टिप्पणी देकर उपयोगी बनाया गया है। द्वितीय परिशिष्ट में उन्हीं का अकारादि क्रम से संयोजन किया गया है। इसके अतिरिक्त सम्पादकीय में इन्दौर नगर में विद्यमान् पाण्डुलिपिसंग्रहालयों से सम्बन्धित ४१ स्थानों की सूची तथा वहाँ विद्यमान् पाण्डुलिपियों की संख्या दी गई है। ग्रन्थ के अन्त में मध्यप्रदेश के जैन शास्त्र-भण्डारों में उपलब्ध पाण्डुलिपियों का जिलेवार सर्वेक्षण दिया गया है। प्रस्तुत ग्रन्थ को देखने से ज्ञात होता है कि यहाँ पर जैन तथा जैनेतर सभी प्रकार के ग्रन्थों का अच्छा संग्रह है। इसमें अध्यात्म, पुरातत्त्व, ज्योतिष, दर्शन, काव्य, पूजा आदि विविध विषयों से सम्बन्धित उपयोगी सामग्री है। शोध हेतु सम्पादक तथा प्रकाशक दोनों का यह कार्य सराहनीय है।
प्रो. सुदर्शन लाल जैन