________________
खण्ड ४ : धर्म, दर्शन एवं अध्यात्म-चिन्तन
लिए अनिवार्य व्रत बनाया । सत्य और अचौर्य की ओर जन-चेतना को प्रेरित कर जैनधर्म ने न्याय की तुला का जीर्णोद्धार किया ।
जैनधर्म के वर्तमानकालीन प्रथम तीर्थंकर ऋषभदेव ने राजतन्त्र, अर्थतन्त्र, प्रजातन्त्र और आत्मतन्त्र जैसे स्वच्छ शुद्ध तन्त्रों की स्थापना की । यद्यपि जैनधर्म में उक्त चारों तन्त्रों को अपेक्षित महत्व दिया गया, किन्तु आत्मतन्त्र सच्चिदानन्द स्वरूप में है, सत्य, शिव, सुन्दर रूप है ।
८७
सत् तत्व के स्वीकार और साधनगत तत्वों के अवबोध के साथ-साथ क्रियान्विति का प्रसंग आता है वहाँ आत्म-भाव में अवस्थिति तथा अनात्म-भाव या विभाव से पृथक्करण का प्रयत्न गतिशील होता है, जो जैनदर्शन की भाषा में विरति या व्रत कहा जाता है । जब सत् को स्वीकार करते हैं, सहज रूप में असत् छूटता है । असत् के साथ चिरन्तन लगाव होने के कारण उसे छोड़ पाना बहुत कठिन होता है । इसलिए उसके छोड़ने पर विशेष जोर देने हेतु निषेधमुखी या परित्याग मुखी भाषा का प्रयोग होता है । जैसे अमुक-अमुक कार्यों का त्याग करता हूँ । अपने-आप में आने के अतिरिक्त त्याग और कुछ नहीं है | अहिंसा या सत्य जो आत्मा के अपने भाव हैं, संस्थित होते ही हिंसा या असत्य का परिहार स्वयं हो ही जाता है ।
साधना के दो रूप हैं - समग्र तथा आंशिक । समग्र साधना सर्वथा आत्मोन्मुखी होती है । उसमें व्रत स्वीकार निरपवाद होता है । इन साधकों द्वारा स्वीकृत व्रत महाव्रत कहे जाते हैं । वे महान् इसलिए हैं कि उनकी समग्रता विखंडित नहीं है । ऐसे साधक, श्रमण, मुनि, अनगार या भिक्ष ु कहे जाते हैं । सब में ऐसी आत्म-शक्ति नहीं होती, अतः जैनधर्म में आंशिक साधना का भी विधान है । वहाँ व्रतों की स्वीकृति स्वीकृर्ता की आत्म-शक्ति और सामर्थ्य के अनुसार अंशतः होती है । अपवादपूर्वक या छूट के साथ वहाँ व्रतों का परिग्रहण होता है । यह साधना गृहस्थ जीवन से सम्बद्ध है। गृहस्थ-साधक श्रमणोपासक या श्रावक कहा जाता है । इसके व्रत अणुव्रत कहे जाते हैं, जिनका गुणव्रतों तथा शिक्षा-व्रतों के रूप में विस्तार है । अणुव्रतादि का पालन करने से व्यक्ति साधना-पथ पर तो बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त करता ही है, साथ ही साथ समाज में नैतिकता के प्रसार में अपनी भूमिका निभाता है ।
यद्यपि जैनधर्म निवृत्तिप्रधान है, किन्तु वह प्रवृत्ति मार्ग का निषेध नहीं करता है । जैनधर्म मानता है कि निवृत्ति को लोक कल्याण की भावना से मुँह नहीं मोड़ना चाहिए । निवृत्ति का उद्देश्य अशुभ से हटना होना चाहिए और प्रवृत्ति का उद्देश्य शुभ से जुड़ना । निवृत्ति को व्यक्ति के आध्यात्मिक विकास के लिए अपनानी चाहिए और प्रवृत्ति में क्रियाओं का सम्पादन विवेकपूर्वक करना चाहिए ।
इस प्रकार निवृत्ति-साधना / मुनि-साधना और प्रवृत्ति-साधना / गृहस्थ-साधना के रूप में चारित्रिक आराधना के ये दो क्रम हैं । ये सम्यक् रूप से उत्तरोत्तर प्रगति करते जायें, यह वांछनीय है । किन्तु कुछ ऐसी दुर्बलताएँ हैं, जिनके कारण कदम-कदम पर बाधाएँ आती रहती हैं । वे दुर्बलताएँ क्रोध, मान, माया तथा लोभ के रूप में विभाजित हैं, जिन्हें कषाय कहा जाता है । सम्यक् श्रद्धा, सम्यक्ज्ञान तथा सम्यक् चारित्र प्राप्त कर लेने पर भी ये भीतर ही भीतर उज्जीवित रहते हैं तथा साधक को विचलित करते हैं । अतः व्रत-पालन के साथ-साथ इनको क्षीण करने के लिए भी साधक को सतत् समुद्यत रहना आवश्यक है । नैतिक प्रगति के लिए कषाय-विजय अनिवार्य है। कषाय- विजय का उपक्रम ही जैनदर्शन में गुणस्थानों के रूप में व्याख्यात हुआ है । गुणस्थान और कुछ नहीं, मात्र आत्म-विकास की उत्तरोत्तर विविध भूमिकाओं का परिचायक है ।
Jain Education International
For Private & Personal Use Only
www.jainelibrary.org